महेंद्र धर्माणी बोले- युवाओं, अभिभावकों और समाज की भागीदारी से ही खत्म होगा नशे का जाल
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। संस्कार सोसायटी घुमारवीं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रविवार को शुरू किए गए नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान का स्वागत किया।
सोसायटी के संस्थापक महेंद्र धर्माणी ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से नशे के खिलाफ शुरू किया गया यह राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं में नई चेतना और समाज में व्यापक जागरूकता पैदा करेगा, जिससे देशभर में चल रहे नशा मुक्ति अभियानों को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जिस प्रकार युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। विशेष रूप से माता-पिता से की गई उनकी यह अपील कि सामाजिक प्रतिष्ठा या बदनामी के डर से बच्चों की नशे की समस्या को छिपाने के बजाय समय रहते उनका उपचार और मार्गदर्शन कराया जाए, हर परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर के एक करोड़ से अधिक युवाओं की ओर से नशामुक्त रहने का संकल्प लेना अत्यंत उत्साहजनक है। इससे युवाओं में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश के युवा भी इस अभियान से प्रेरणा लेकर नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लेंगे। उन्होंने कहा कि घुमारवीं में चलाया जा रहा घुमारवीं अगेंस्ट चिट्टा अभियान भी प्रधानमंत्री के इस राष्ट्रीय अभियान से नई प्रेरणा और मजबूती प्राप्त करेगा।