धराड़सानी के काकरू घाट में घायल पड़ा सांभर। संवाद
गंभीर हालत में टूटीकंडी शिमला रेफर
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत डमली के गांव धराड़सानी के समीप काकरू घाट में दिनदहाड़े अज्ञात शिकारियों द्वारा एक सांभर को गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े सांभर को पहले बिलासपुर लाया गया और बाद में हालत गंभीर होने पर शिमला के टूटीकंडी स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार वीरवार को स्थानीय लोगों ने काकरू घाट क्षेत्र में एक सांभर को सड़क किनारे घायल अवस्था में तड़पते हुए देखा। उसके शरीर पर छर्रे लगने के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर गोली चलाई और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉक्टर सुनैना ठाकुर को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर सांभर का प्राथमिक उपचार शुरू किया और उसे ग्लूकोस चढ़ाया। डॉक्टर सुनैना ठाकुर ने बताया कि सांभर की हालत गंभीर बनी हुई थी और उसे तुरंत उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता थी। डीएफओ राजीव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही रेंज अधिकारी (आरओ) को मौके पर भेजा गया और घायल वन्यजीव को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए गए। आरओ अशोक ने बताया कि विभागीय टीम मौके पर पहुंच चुकी थी और सांभर को ले जाने के लिए जीप की व्यवस्था की गई। पहले उसे क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे शिमला के टूटीकंडी स्थित पशु चिकित्सालय रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।