सर्वाेच्च न्यायालम में 21 से 23 अगस्त तक लेगी विशेष लोक अदालत
कोर्ट के बोझ को कम करने की कवायद, मध्यस्थता से मिलेगा समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। न्याय को सरल, सुलभ एवं आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय की ओर से समाधान समारोह की शुरुआत 21 अप्रैल से की गई है। यह अभियान सहमति, संवाद और मध्यस्थता से लंबित मामलों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अभियान के अंतर्गत 21, 22 और 23 अगस्त को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा। इसमें शीर्ष न्यायालय में लंबित मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाएगा। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण बिलासपुर के सचिव प्रतीक गुप्ता ने बताया कि समाधान समारोह के तहत 21 अप्रैल से ही देशभर में सुलह एवं मध्यस्थता बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। ये बैठकें राज्य, जिला, तहसील और उच्च न्यायालय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों में हो रही हैं। इनमें प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा अधिकारी पक्षकारों के बीच समझौता कराने में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से अथवा ऑनलाइन भाग ले सकते हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं, वादकारियों और संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। अपने लंबित मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर गूगल फॉर्म उपलब्ध है। इच्छुक व्यक्ति 31 मई तक फॉर्म भरकर अपने मामलों को इस पहल का हिस्सा बना सकते हैं।
किसी भी सहायता या जानकारी के लिए विशेष वार रूम से दूरभाष नंबर 011-23115652, 011-23116464 और 011-23116465 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा ईमेल speciallokadalat2026sci.nic.in पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।