बोरवेल और थ्री फेस उपकरण बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। बिलासपुर सदर खंड की कोटला पंचायत के दधोग गांव में एक पखवाड़े से लो वोल्टेज की समस्या है। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोगों ने बिजली विभाग से जल्द समस्या के समाधान की मांग उठाई है।
सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक पदम देव शर्मा, नीलू शर्मा, जोगिंदर शर्मा, बाबू राम और विनोद कुमार ने बताया कि उनका गांव विद्युत उपमंडल नम्होल के अधीन है। करीब एक पखवाड़ा पहले खराब मौसम और तेज हवा के कारण ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। इसके बाद से गांव में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि कम वोल्टेज के कारण गांव में लगे बोरवेल नहीं चल पा रहे हैं। इसके अलावा थ्री फेस से चलने वाले विद्युत उपकरण भी बंद हैं। इससे पीने के पानी की आपूर्ति प्रभावित होने के साथ खेतों की सिंचाई पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर विद्युत बोर्ड के उच्च अधिकारियों के अलावा 1100 नंबर पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द उचित कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है।
सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल नम्होल मुनीष कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।