बिलासपुर कॉलेज में आयोजित गणित दिवस कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चे व शिक्षक। स्रोत: कॉलेज प्
बिलासपुर कॉलेज में गणित दिवस का आयोजन
विद्यार्थियों को श्रीनिवास रामानुजन के जीवन की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में गणित विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रितु शर्मा की अध्यक्षता में गणित दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन, भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन और भारतीय गणितज्ञों के योगदान पर प्रकाश डाला। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में साक्षी ने पहला, मेघना ने दूसरा और किरण कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में वंदना पहले, कनिका शर्मा दूसरे और दक्षिता और अंजलि ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन में प्रियांशु पहले और प्रिंस दूसरे स्थान पर रहे। निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. नवेंदु बंसल और डॉ. नम्रता पठानिया ने मुख्य भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने गणित विभाग के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों को बधाई दी और बताया कि गणित दिवस का उद्देश्य गणित के महत्व के प्रति जागरूकता लाना और श्रीनिवास रामानुजन के गणितीय योगदान को याद करना है। इस अवसर पर डॉ. राकेश कपूर, डॉ. प्रियंका और डॉ. राधे श्याम भी उपस्थित रहे।