बिलासपुर बाजार में रविवार को गैस सिलिंडर लेने पहुंचे लोग । संवाद
बिलासपुर गैस एजेंसी के बाहर रविवार को लगी लंबी कतारें
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है। इसके चलते कई स्थानों पर गैस आपूर्ति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ने लगी है। फिलहाल होटल, ढाबों, रेस्तरां और कैंटीन के लिए व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से व्यापारी वर्ग परेशान है।
इसी बीच ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए सिलिंडर बुकिंग को लेकर नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। नए निर्देशों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता अब 45 दिन पूरे होने के बाद ही दूसरे घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग कर पाएंगे। वहीं शहरी क्षेत्रों में पहले की तरह 25 दिन बाद बुकिंग की सुविधा जारी रहेगी। नए नियमों की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में चिंता का माहौल है। आशंका के चलते कई लोग समय से पहले ही गैस सिलिंडर भरवाने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं। रविवार को बिलासपुर स्थित गैस एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर भरवाने के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि भविष्य में गैस की आपूर्ति प्रभावित होती है तो ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। लोगों ने सरकार और संबंधित विभाग से गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उधर, सैनी गैस एजेंसी के संचालक टेक चंद सैनी ने बताया कि बिलासपुर में फिलहाल घरेलू सिलिंडरों की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि गैस सिलिंडरों को लेकर पैनिक होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक सिलिंडरों की सप्लाई नहीं पहुंच रही है।