घुमारवीं (बिलासपुर)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दो दिवसीय जिला स्तरीय सीर उत्सव का शुक्रवार को रन फॉर जेंडर इक्वालिटी थीम पर मैराथन के साथ आगाज हुआ। सीर खड्ड पुल से बाड़ी मझेड़वां तक आयोजित मैराथन में करीब 1200 लोग पहुंचे, जबकि विभिन्न आयु वर्गों में लगभग 700 प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। मैराथन के माध्यम से लैंगिक समानता के साथ स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस, स्वच्छ पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
सुबह साढ़े पांच बजे से ही सीर खड्ड पुल के समीप प्रतिभागियों का पहुंचना शुरू हो गया था। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। अंडर-14 और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए तीन किलोमीटर, जबकि अन्य आयु वर्गों के लिए छह किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई थी। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भी 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतिभागी के रूप में मैराथन में हिस्सा लिया और दौड़ पूरी की। उन्होंने कहा कि फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि जरूरी है। प्रतिदिन कुछ समय दौड़ने, पैदल चलने, योग या हल्की कसरत के लिए निकालकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है। सीर उत्सव केवल आस्था और परंपरा से जुड़ा आयोजन नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में लैंगिक समानता, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेश भी पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सीर खड्ड को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मैराथन के समापन अवसर पर मंत्री ने विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल, थाना प्रभारी घुमारवीं मस्तराम, तहसीलदार घुमारवीं बबीता, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल वर्धन, राजीव शर्मा सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे
ये रहे विजेता
अंडर-14 छात्रा वर्ग में तमन्ना प्रथम, नव्या द्वितीय और ममता तृतीय रहीं। अंडर-19 छात्रा वर्ग में हरिदिमा ठाकुर प्रथम, सुदीक्षा सिंह द्वितीय और नेहा तृतीय रहीं। अंडर-19 छात्र वर्ग में अनमोल कुमार प्रथम, रेहान द्वितीय और राहुल तृतीय रहे। 20 वर्ष से अधिक आयु महिला वर्ग में अंशुल प्रथम, पायल रानी द्वितीय और वंशिका तृतीय रहीं। इसी आयु वर्ग के पुरुष वर्ग में अंकित प्रथम, अंकित द्वितीय और मनोज तृतीय रहे। 40 वर्ष से अधिक आयु पुरुष वर्ग में मदन सिंह प्रथम, नरेश द्वितीय और सुनील कुमार तृतीय रहे। महिला वर्ग में स्नेहलता प्रथम, रक्षा द्वितीय और सरोज तृतीय रहीं। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में गोपाल प्रथम, जगदीश चंद्र द्वितीय तथा राजकुमार और रमेश चंद्र संयुक्त रूप से तृतीय रहे। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पुष्पा विजेता रहीं।