शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी नवाजे
मजारी पाठशाला में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मजारी में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह उत्सव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में श्रम प्रवर्तन अधिकारी संजीव चौधरी ने शिरकत की।
विद्यालय प्रबंधन, एसएमसी सदस्यों और विद्यार्थियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, देशभक्ति नृत्य, पहाड़ी गीत, नाटक, समूह गान सहित आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने खेडण दे दिन चार नी माय खेडण दे दिन चार, रोहडू जाना मेरी आमिये रोहडू जाना हो जाना जाना मेरी आमिये रोहडू जाना हो पर नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्यातिथि ने शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। इससे पहले प्रधानाचार्य सुरजीत ठाकुर ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यातिथि ने कहा कि विद्यार्थी जीवन ही संपूर्ण जीवन की नींव होती है। इस आयु में जो मेहनत करते हुए हासिल किया जाता है वही आगे चलकर आपके जीवन में निखार लाता है। इस आयु में अपनी रुचि पहचान कर भविष्य के सपने देखने और उनको साकार करने के लिए खूब पसीना बहाना चाहिए। भारत का भविष्य आप बच्चों की सोच के ऊपर निर्भर है। 34 साल के बाद भारत में नई शिक्षा नीति 2020 में बनी है जो रटने के स्थान पर समझ विकसित करने पर बल देती है, जिसमें डिस्कशन, डिस्कवरी, इंक्वायरी बेस पद्धति से टैलेंट विकसित कर भारत को टेक्नोलॉजी का हब बनाने का लक्ष्य रखा है। बच्चे अपने हुनर को पहचान कर उसी क्षेत्र में आगे बढ़कर इस विकास यात्रा का हिस्सा बनें। उन्होंने स्कूल को 11,000 रुपये की राशि भेंट की। इस अवसर पर एसएमसी प्रधान गुरमेल सिंह, पूर्व प्रधान सोहन सिंह, पवन संख्यान, वीना शर्मा, शीला शर्मा, जितेंद्र गौतम, सुभाष चंदेल, सेवानिवृत्त कैप्टन मंगल ठाकुर, सेवानिवृत एसडीओ धीमान, पुलिस अधिकारी शिव सिंह, अशोक शर्मा, रत्न सिंह आदि उपस्थित रहे।
इनसेट
इन बच्चों को मिला सम्मान
वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में जसमीत देवी, जसमीत कौर, सचिन मौर्य, नवदीप कौर, समर जोत सिंह, गुडिय़ा, जैस्मीन कौर, साहिल प्रीत सिंह, अंश प्रीत सिंह, चरण प्रीत कौर, तनवीर कौर, मनजोत सिंह, नवजोत कौर, बलजीत कौर, हरजीत कौर, सिमरनजीत कौर, पलक, खुशी रानी, सुखबीर कौर, अर्श दीप कौर, सूरज कुमार, नवदीप, केशव आदि बच्चों को सम्मानित किया गया। मनजोत सिंह को साल भर अनुशासन, विद्यालय शत प्रतिशत उपस्थिति, पढ़ाई, सांस्कृतिक और साल का सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी चयनित होने पर पुरस्कृत किया गया।