- कुठेड़ा स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा में सड़क सुरक्षा क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से सयुंक्त रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य जगदीप सिंह ने की।
सड़क सुरक्षा क्लब प्रभारी राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात के नियमों के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियम, हेलमेट, सीटबेल्ट का उपयोग, आपातकालीन सेवा, ट्रैफिक लाइट, हैंड साइन सहित अन्य तथ्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष देश और राज्य में हजारों की संख्या में सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे काफी लोगों की मृत्यु हो जाती है। इसीलिए हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है कि सड़क दुर्घटना के नियंत्रण के लिए सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों का पालन करें और अपने घर परिवार के सदस्यों, मित्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर सभी अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।