तलाई टैक्सी यूनियन में चलाया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वास्थ्य विभाग और आरटीओ बिलासपुर के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान तलाई टैक्सी यूनियन में चलाया गया। इसकी अध्यक्षता आरटीओ राजेश कुमार कौशल और डॉ. अतुल शर्मा ने की। डॉ. अतुल कुमार शर्मा ने लोगों को प्राथमिक उपचार के बारे में जानकारी दी। कहा कि यदि कोई सड़क दुर्घटना घट जाती है तो हमें सबसे पहले व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने की कोशिश करनी चाहिए। आरटीओ बिलासपुर राजेश कुमार ने लोगों और चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कहा कि गाड़ी चलाते समय सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। गाड़ी चलाते समय नशा न करें, गाड़ी की स्पीड नियंत्रित रखें, सीट बेल्ट का प्रयोग करें, मोबाइल का इस्तेमाल न करें। दोपहिया वाहनों का प्रयोग करते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने कहा कि इस साल का विषय सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा रखा गया है। वैश्विक स्तर पर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में भारत का हिस्सा लगभग 11 प्रतिशत है। भारत में सालाना लगभग डेढ़ लाख लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटना के कारण होती है। लगभग 70 प्रतिशत 15 से 45 साल के लोगों की दुर्घटनाओं में मौत होती है। 2030 तक दुर्घटनाओं को जीरो प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें जन भागीदारी और सभी का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने राह वीर योजना आरंभ की है। सड़क दुर्घटना में पीड़ितों को गोल्डन ऑवर यानी दुर्घटना के बाद पहले घंटे में मदद करने वाले व्यक्ति को 25,000 रुपये पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देने की योजना चलाई गई है, ताकि घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके और उसकी जान को बचाया जा सके। आई आप्थाल्मिक ने 75 चालकों और अन्य लोगों की आंखों की जांच की। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षक कमल कुमार, सुपरवाइजर विनय कुमार, आई आप्थाल्मिक रंजीत कुमार, आशा वर्कर और टैक्सी चालक उपस्थित रहे।