जुखाला(बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग मंडल नंबर 1 के तहत आने वाले विनायकघाट-मार्कंडेय सड़क का निर्माण कार्य 22 वर्षों में भी पूरा नहीं हो पाया है। इस सड़क का निर्माण कार्य साल 1998 में लोनिवि ने शुरू किया था। लेकिन अभी तक विभाग महज 2 किमी ही सड़क निर्माण कर पाया है। जबकि इसकी पूरी दूरी पांच किमी तक है।इससे जनता में विभाग और सरकार के प्रति खासा रोष है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से क्षेत्र के लगभग 10 हजार की आबादी जुड़ी है। के निर्माण होने से ऋषि मार्कंडेय सड़क मार्ग सीधा इससे जुड़ जाना था। मंदिर तक सीधे सड़क पहुंच जाने से श्रद्धालुओं की संख्या में भी बढ़ोतरी होनी थी। और यहां कारोबार करने वाले लोगों के रोजगार में भी इजाफा होना था। बताया कि सड़क का आधा हिस्सा सदर विधानसभा क्षेत्र व आधा श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है। इसलिए कोई भी नेता इस निर्माण कार्य को पूरा करवाने की जहमत नहीं उठा रहा है।
स्थानीय लोगों इन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं व विभाग से इस सड़क को जल्द ऋ षि मार्कंडेय मंदिर से जोडने व पक्का करने की मांग की है। स्याहोला पंचायत के पूर्व उप प्रधान गोपाल शर्मा, बाबू राम शर्मा, डॉ. पीसी शर्मा, बलदेब शर्मा, प्यार सिंह ठाकुर, रामलाल आदि ने कहा कि इस सड़क का निर्माण पूरा करवाने के लिए कई बार सरकार और विभाग से गुहार लगाई। परंतु न विभाग और न ही नेताओं ने इस ओर कोई ध्यान दिया इस कारण स्थानीय लोगों में इन नेताओं के प्रति भारी रोष है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता विजय शर्मा ने कहा कि इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी। ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।