कंदरौर पुल का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक सुभाष ठाकुर ।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। विधायक विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर सुभाष ठाकुर ने एनएचएआई के साइट इंजीनियर अजय ठाकुर तथा अन्य अधिकारियों सहित कंदरौर पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल पर मास्टिक एसफाल्ट बिछाने का तुरंत प्राक्कलन तैयार कर उच्च स्तर को भेजें। उन्होंने बताया कि कंदरौर पुल पर राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए पुल की टारिंग और गड्ढों की मरम्मत के लिए 16 लाख स्वीकृत करवाए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को पुल पर एकत्रित हो रहे पानी की निकासी तुरंत करने के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि कंदरौर पुल की मरम्मत के लिए ऑन लाइन तीन बार टेंडर कॉल किए जा चुके हैं लेकिन किसी भी ठेकेदार ने इसके लिए आवेदन नहीं किया। अब पुन: चौथी बार पुल की मरम्मत के लिए टेंडर कॉल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही पुल पर टारिंग और गड्ढों को भरकर इसकी दशा को सुधारा जा रहा है। विस क्षेत्र में सड़कों के विस्तारीकरण और मरम्मत पर लगभग 90 करोड़ खर्च किया जा रहा हैं ताकि वाहन चालकों को और पैदल चलने वाले राहगीरों को बेहतर यातायात के लिए गुणवत्तायुक्त सड़क सुविधा मुहैया करवाई जा सके। इस मौके पर एक्सईएन लोक निर्माण विभाग वीएन पराशर, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।