बच्छरेटू-नघ्यार सड़क पर हुई टारिंग, आवाजाही शुरू।
- फोटो : BILASPUR
शाहतलाई(बिलासपुर)। बीते सात माह से बच्छरेटू-नघ्यार की पांच किलो मीटर सड़क पर प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश के दौरान सड़क पर दलदल होने के कारण छोटे-बड़े वाहनों के लिए यातायात पूरी तरह से बंद हो गया था जिससे गांव का संपर्क दो तरफ से टूट गया था। चार दिन सड़क पर कोई वाहन न चलने पर ‘अमर उजाला’ ने लोगों की परेशानियों को प्रमुखता से उठाया।
खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग व ठेकेदार हरकत में आए और जहां-जहां पर सड़क में दलदल थी उन जगहों पर टारिंग कर दी। अब सड़क सभी वाहनों के लिए बारिश में भी खुली रहेगी।
पंचायत प्रधान सुशील कुमार, पंचायत सदस्य मूल राज, पंचायत सदस्य राजकुमारी, पंडित सुशील शर्मा, पूर्व प्रधान राजेंद्र कुमार, मनोज कुमार ने सड़क पर टारिंग करने पर संतोष जताया और ठेकेदार को आश्वासन दिया कि वह सड़क के निर्माण कार्य में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे ताकि गांव की सड़क सही व समय पर वन कर तैयार हो सके।