बिलासपुर। पुलिस थाना सदर में इंस्पेक्टर आरएल कथानिया ने बतौर थाना प्रभारी अपना पदभार संभाल लिया है। मंडी के सरकाघाट से ताल्लुक रखने वाले कथानिया ने कहा कि बिलासपुर में प्रॉक्सी वॉर यानि चिट्टे को समाप्त करने के लिए जनता का सहयोग बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यह नशा पीढि़यों को बर्बाद करने वाला है। इसलिए चिट्टे को समाज से भगाने के लिए परस्पर सहयोग जरूरी है। 1986 से एक कांस्टेबल के तौर पर पुलिस विभाग में आए कथानिया ने इंस्पेक्टर पद का सफर तय करने में बहुत मेहनत की है। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर जुणगा व कांगड़ा में ड्रिल इंस्ट्रक्टर, एंटी टेररिस्ट स्क्वाड, बम डिस्पोज यूनिट में अपनी सेवाएं देने वाले आरएल कथानिया के कार्य करने की शैली अलग है। उन्होंने एनएसजी मानेसर में बम डिस्पोज ट्रेनिंग शिविर में करीब 22 राज्यों के ट्रेनरों का हिमाचल की ओर से प्रतिनिधित्व कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इससे पहले आरएल कथानिया थाना बरमाणा में बतौर एसएचओ अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे चुके हैं। यहां पर भी उन्होंने नशे के खिलाफ जबरदस्त मुहिम छेड़ी थी, जिसके तहत इस धंधे में संलिप्त लोगों को सदमार्ग पर लाने के लिए विशेष अभियान छेड़ा था।