मोरसिंघी स्कूल में आयोजित एनएसएस शिविर में उपस्थित स्वयंसेवी व अन्य। स्रोत: स्कूल प्रबंधन।
- फोटो : ARchive
मोरसिंघी स्कूल में एनएसएस शिविर का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोरसिंघी में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर का समापन हुआ। इसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य अनीता राव ने किया। समापन समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों को सम्मानित किया गया। छात्र वर्ग में ऋषु चौहान और छात्रा वर्ग में तन्वी को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी घोषित करते हुए स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
इस शिविर में 15 छात्राओं और 10 छात्रों सहित कुल 25 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। प्रधानाचार्य ने स्वयंसेवियों को नैतिक मूल्यों, अच्छे संस्कारों, अनुशासन और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जो उनमें नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और सामाजिक चेतना का विकास करता है। उन्होंने शिविर के दौरान स्वयंसेवियों की ओर से किए गए परियोजना कार्य, कार्य संस्कृति, स्वच्छता संबंधी गतिविधियों तथा खान-पान और रहन-सहन में अनुशासन की विशेष सराहना की। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनील वर्मा और महिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता शर्मा ने प्रधानाचार्य अनीता राव को पौधा भेंट किया और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्कूल का स्टाफ और स्वयंसेवी उपस्थित रहे।