ऋषिकेश स्कूल के विद्यार्थी ऑन जॉब ट्रेनिंग प्राप्त करते हुए। स्रोत: स्कूल प्रबंधन।
दो दिवसीय ऑन जॉब ट्रेनिंग के तहत एनएफसीआई बड़सर और कैफे हंगर हाउस का किया दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश के नौवीं और 12वीं कक्षा के हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म विषय के विद्यार्थियों ने दो दिवसीय ऑन जॉब ट्रेनिंग के तहत शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने एनएफसीआई (नेशनल फिशिंग एंड कुकरी इंस्टीट्यूट), बड़सर और कैफे हंगर हाउस, मैहरे का दौरा कर आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।
इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म क्षेत्र का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना और इस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से परिचित करवाना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संबंधित संस्थानों में काम करने के तरीके, आतिथ्य सत्कार और पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी हासिल की।
इस गतिविधि से विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यक्षेत्र के अनुभव से जोड़ने का अवसर मिला। साथ ही उन्हें इस क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं और रोजगार के विभिन्न विकल्पों को समझने में मदद मिली।
इस दौरान विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के व्यावसायिक प्रशिक्षक मनोज कुमार और अनुरक्षक के रूप में पुष्पा चंदेल मौजूद रहीं। स्कूल प्रधानाचार्य शशि पाल ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। व्यावहारिक प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को अपने विषय की बेहतर समझ मिलती है और भविष्य में रोजगार के अवसर तलाशने में भी मदद मिलती है।