Retired commandant cheated Rs 50,000 in the name of booking seat for yoga camp
बिलासपुर। पतंजलि योगपीठ के हरिद्वार आश्रम में योग शिविर के लिए सीट बुक करवाने के नाम पर जालसाजों ने एसएसबी के रिटायर्ड कमांडेंट से 50 हजार रुपये ठग लिए। उन्होंने इसकी शिकायत पर सदर थाना में दर्ज करवाई है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उपमंडल सदर के कंदरौर निवासी रिटायर्ड कमांडेंट आरडी ठाकुर ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि वे पतंजलि योगपीठ के हरिद्वार स्थित आश्रम में योग/प्राणायाम शिविर में भाग लेना चाहते थे। उन्होंने गूगल पर इसके लिए सर्च किया। उन्हें योगपीठ से जुड़े दो नंबर मिले। उनका संपर्क सचिन और उसकी सहयोगी तब्बू से हुआ। उन्होंने बताया कि योग शिविर में सीट बुक करवानी पड़ती है।
इसके लिए 50 हजार रुपये फीस है। शिविर में सीट रिजर्व करने के नाम पर दोनों ने उनसे ऑनलाइन 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।