- लोगों ने विधायक और विभाग का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकासखंड झंडूता के तहत मलांगण पंचायत से राजकीय प्राथमिक पाठशाला कल्लर तक जाने वाली सड़क का मरम्मत कार्य पूरा हो गया है। अब स्कूली बच्चों और लोगों को इस सड़क पर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोगों ने इसके लिए झंडूता विधायक जीतराम कटवाल और लोक निर्माण विभाग का आभार प्रकट किया है।
पंचायत सदस्य दामोदरी देवी, स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान शालू कुमारी, ग्रामीण रणजीत सिंह, रामपाल, सोनू कुमार, सुरेश, राजेश, सरवन सिंह, सुखदेव, सुरजीत कुमार, राकेश और मक्खन सिंह सहित अन्य अभिभावकों ने बताया कि बरसात के बाद गांव के लिए वाहनों का आना-जाना बंद हो गया था। करीब छह माह पहले बारिश से कल्लर गांव और राजकीय प्राथमिक पाठशाला की सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो गई थी। सड़क के ध्वस्त होने के कारण जहां बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। वहीं करीब 40 परिवारों को भी सड़क सुविधा से महरूम रहना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क को ठीक करने के लिए उन्होंने स्थानीय विधायक जीतराम कटवाल के पास गुहार लगाई थी। इसके बाद विधायक ने सड़क मरम्मत के लिए 90 हजार की राशि जारी की थी। अब यह सड़क आवाजाही के लिए ठीक हो गई है। साथ ही बच्चों को स्कूल पहुंचने में भी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोगों ने इसके लिए विभाग और विधायक का आभार प्रकट किया गया।