जेजवीं में वरिष्ठ पेंशनरों को किया गया सम्मानित
-वार्षिक अधिवेशन में पेंशनरों ने मांगों पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जेजवीं इकाई का वार्षिक अधिवेशन और सम्मान समारोह रविवार को जेजवीं में आयोजित किया। इसमें 70 साल आयु पूरी कर चुके छह पेंशनरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान भाग सिंह ने की। जिला महामंत्री चेतराम वर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।
सम्मान समारोह में पेंशनरों को शॉल, टोपी और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसमें जैमल सिंह माकड़ी गांव, धर्म सिंह गांव सलवाड़, रत्तनु राम गांव सिलह, सीता राम गांव सिलवी, गीता देवी गांव सिलवी, मनसा देवी गांव पलाखी मलहोट, लक्ष्मी देवी गांव माकड़ी शामिल रहे। कार्यक्रम में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर याद किया गया। इसके बाद मुख्यातिथि चेतराम वर्मा को सम्मानित किया गया। इकाई प्रधान भाग सिंह ने पिछले साल का लेखा-जोखा रखा गया, जिसे सभी ने एक स्वर में पारित कर दिया। इसके बाद वक्ताओं में विजय राम शर्मा, भाग सिंह, बीरबल धीमान, जसवंत सिंह धीमान और चेतराम वर्मा ने कहा कि सरकार पेंशनरों की मांगों को अनदेखा न करे, शीघ्र इन्हें पूरा करे। चेतराम वर्मा ने कहा कि मुख्य मांगें सरकार के पास विचाराधीन हैं। उनके समाधान के लिए संयुक्त सलाहकार समिति गठित करके बैठक बुलाई जाए, ताकि इसमें ज्वलंत मुद्दों पर विचार किया जा सके। सरकार और पेंशनरों के बीच सौहार्दपूर्ण तालमेल बना रहे, क्योंकि सरकार के प्रति पेंशनरों में रोष बढ़ रहा है। सरकार अपने खर्चे कम कर पेंशनरों की देनदारियां अदा करने का प्रबंध करे। इस मौके पर सचिव बली राम मौजूद रहे।