दो साल के अनुबंध पर केयरटेकर, कुक और हेल्पर तैनात होंगे
24 जुलाई तक करने होंगे ऑनलाइन आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर के गेस्ट हाउस के संचालन को और व्यवस्थित बनाने के लिए आउटसोर्स आधार पर सात पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए संस्थान ने दो वर्ष के अनुबंध पर सेवा प्रदाता एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एजेंसियां 24 जुलाई शाम छह बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।
भर्ती प्रक्रिया के तहत गेस्ट हाउस में एक केयरटेकर-कम-सुपरवाइजर, दो कुक और चार हेल्पर/वेटर तैनात किए जाएंगे। केयरटेकर-कम-सुपरवाइजर के लिए होटल प्रबंधन में डिप्लोमा और दो वर्ष का अनुभव अनिवार्य रखा गया है, जबकि कुक के लिए थ्री-स्टार या उससे ऊपर के होटल में कॉन्टिनेंटल भोजन बनाने का दो वर्ष का अनुभव जरूरी होगा। हेल्पर पदों के लिए अलग से शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है। इस सेवा अनुबंध की अनुमानित लागत 38.50 लाख रुपये रखी गई है। बोली में भाग लेने वाली एजेंसी का पिछले तीन वित्तीय वर्षों में न्यूनतम 15 लाख रुपये का औसत वार्षिक कारोबार होना चाहिए। साथ ही केंद्र या राज्य सरकार अथवा सार्वजनिक उपक्रम में समान सेवाएं देने का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव भी अनिवार्य होगा। एजेंसियों को एक लाख रुपये की ईएमडी जमा करनी होगी, जबकि सफल एजेंसी को अनुबंध मूल्य का पांच प्रतिशत ई-परफॉर्मेंस बैंक गारंटी देनी होगी। पात्र एमएसएमई सेवा प्रदाताओं को नियमानुसार ईएमडी में छूट मिलेगी। एम्स प्रशासन ने 10 जुलाई को सुबह 11 बजे प्रशासनिक भवन में प्री-बिड बैठक भी तय की है। इसमें इच्छुक एजेंसियों को निविदा की शर्तों और कार्य से संबंधित जानकारी दी जाएगी। चयनित एजेंसी को कर्मचारियों के वेतन, ईपीएफ, ईएसआई, वर्दी और अन्य वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सभी श्रम कानूनों का पालन करना अनिवार्य होगा।