घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में नगर परिषद चुनावों का बिगुल बजते ही उम्मीदवारों को अपने गृह कर भरने की याद आती है। इसी के तहत घुमारवीं नप से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों ने अनापत्ति प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए 2 लाख से ज्यादा गृह कर भरा है। नगर परिषद का गृह कर वसूलने को लेकर दोहरा रवैया रहता है। आमजन जो गृह कर नहीं भरता है, उसे बार-बार नोटिस भेजा जाता है पर जो चहेता या पूर्व में पार्षद होता है, उनसे गृह कर वसूलने से अधिकारी भी कतराते रहते हैं।
घुमारवीं नगर परिषद के सात वार्डों में जो अपनी राजनीति में भाग्य आजमा रहे हैं तथा चुनावों में उतर रहे हैं, उन लोगों से नगर परिषद ने 2,02932 रुपये टैक्स के रूप में वसूला है। ये लोग विभिन्न वार्डों से पहले भी पार्षद रहे हैं तथा कुछ इस बार नए मैदान में उतर रहे हैं। उनसे नगर परिषद ने यह टैक्स वसूला है और तभी अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया गया है। इन सात वार्डों से कुछ पूर्व में भी पार्षद रहे हैं जो पिछले पांच सालों से अपना गृह कर नहीं भर रहे हैं। जब चुनाव लड़ने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र की जरूरत पड़ी तो इन्हें मजबूरन गृह कर चुकाना ही पड़ा।
नगर परिषद के सात वार्डों से चुनावी मैदान में उतर रहे उम्मीदवारों मे सबसे कम टैक्स वार्ड नंबर एक से 1,288 रुपये रहा और सबसे ज्यादा वार्ड नंबर छह के उम्मीदवारों से वसूला गया। उन्होंने 64,577 और 74,460 का भुगतान कर अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद शर्मा ने कहा कि हम निरंतर प्रयास करते हैं कि साल में हर व्यक्ति जो नगर परिषद क्षेत्र का है, अपने गृह कर का भुगतान करें। कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें बार-बार नोटिस भेजने के बाद भी वसूली नहीं होती। अधिकतर लोग तभी ही अपने गृह कर का भुगतान करते हैं, जब उन्हें अनापत्ति प्रमाण की जरुरत पड़ती है। नगर परिषद के चुनावों में जो अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं, उन सभी लोगों से 2,02932 रुपये का टैक्स अभी हाल ही में वसूला गया है।