बिनौला में प्रभावित परिवार को सहायता किट प्रदान करते एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह। स्रोत: डीपीआरओ
एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह ने प्रभावित परिवारों को दिया सहायता का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों बिनौला में प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी हैं। एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, तहसीलदार बाल कृष्ण और बीडीओ बबीता की उपस्थिति में प्रभावित परिवारों को राशन की बांटी गई। उन्होंने प्रभावित परिवारों को उचित सहायता का आश्वासन दिया
एसडीएम ने गत दिवस डंगा गिरने के कारण सैनी गैस एजेंसी को काफी नुकसान हुआ है, जिसका वीरवार को निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि जिन परिवारों को किराये के मकानों में शिफ्ट किया गया है, उनका किराया सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा से प्रभावित परिवारों को अधिक राहत प्रदान करने के लिए सहायता राशि में वृद्धि की है। अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए सहायता राशि 7 लाख रुपये कर दी गई है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। दुकानों और ढाबों के लिए भी एक लाख रुपये की मदद दी जाएगी। इसी प्रकार गोशालाओं के लिए 50 हजार रुपये, किरायेदारों को सामान की हानि पर 50 हजार रुपये और मकान मालिकों को 70 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। बड़े दुधारू पशुओं की मृत्यु पर 55 हजार रुपये और बकरी, भेड़ और सूअर जैसे छोटे पशुओं के नुकसान पर 9 हजार रुपये प्रति पशु की दर से मुआवजा दिया जाएगा।