बिलासपुर। पूर्ण राज्यत्व दिवस की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिले के लोगों को विकास के बारे में जागरूक करने के लिए रथ यात्रा निकाली जाएगी। रथ यात्रा के माध्यम से 50 वर्षों में हुए विकास का इतिहास दिखाया जाएगा।
विभिन्न विभागों के माध्यम से लोगों के कल्याणार्थ चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियां दर्शाई जाएंगी। उपायुक्त रोहित जम्वाल ने बताया कि सभी विभाग इसमें अपना सहयोग सुनिश्चित करेंगे। रथ यात्रा विकासात्मक गतिविधियों को दर्शाती हुई जिले के हर गांव तक पहुंचेगी। गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर टीमें गठित की जाएंगी। अधिकारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाएगी। बागवानी विभाग की ओर से फ्लावर शो, मैंगो फेस्टिवल और जिले में उत्पादित होने वाले उत्पादों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। कृषि विभाग की ओर से ब्लॉक स्तर पर किसान मेलों का आयोजन किया जाएगा। जल शक्ति विभाग की ओर से हर घर में नल से शुद्ध पेयजल सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और स्मार्ट क्लास रूम बनाए जाएंगे।
डीआरडी विभाग की ओर से सभी पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्थानीय उत्पादों से संबन्धित ब्लॉक स्तर पर मेले लगाएं जाएंगे। उद्योग विभाग की ओर से मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के बारे में जागरूक करने के लिए ब्लॉक स्तर पर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। पशु पालन विभाग की ओर से पंचायत स्तर पर पशुओं का शतप्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उपमंडल स्तर पर पशु स्वास्थ्य शिविर लगाएं जाएंगे। भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से इंडियन क्लासिकल को बढ़ावा दिया जाएगा। सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त रोहित जम्वाल ने जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ वर्ष भर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की प्रस्तावित कार्य योजना के बारे में चर्चा की।
इस अवसर पर एडीसी तोरूल रवीश, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम वर्मा, उपनिदेशक कृषि केएस पटियाल, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अरविंद वर्मा, लोक निर्माण विभाग वीएन पराशर के अतिरिक्त अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।