बिलासपुर। जिले में रक्षाबंधन का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। कोरोना काल में अपने घरों से बाहर न निकलने वाली बहनों ने भाइयों की सूनी कलाईयों पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की। हालांकि कई महिलाएं बसों की इंतजारी में बस अड्डा पर घंटों तक खड़ी नजर आईं क्योंकि, कई लोकल रूट बंद होने से महिलाओं को गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिले में रक्षाबंधन के त्यौहार पर परिवहन निगम की 55 और निजी ऑपरेटरों की करीब 150 बसें अपने रूटों पर चलीं, लेकिन कई रूट ऐसे भी हैं जिन पर अभी बस सुविधा सुचारू रूप से नहीं है। इनमें नम्होल, जुखाला, झंडूता, तलाई व दूर दराज के कई गांव शामिल हैं। ऐसे में कई महिलाओं को अपने भाइयों तक पहुंचने के लिए बसों का लंबा इंतजार भी करना पड़ा।
बताते चलें कि जिले में कोरोना काल से पहले परिवहन निगम के करीब 150 रूट पर बसें चलती थी। वहीं निजी ऑपरेटरों की 318 बसें भी अपने रूट पर सुचारू रूप से चलती थी। लेकिन कोरोना काल में सवारी न होने के कारण बसों के कुछ ही रूट जारी किए गए हैं। जिसके कारण जिला के कई स्थानों तक पहुंचने के लिए बस का लंबा इंतजार करना पड़ता है।
कोरोना काल के चलते निगम की बसों में सवारी न होने के कारण कुछ रूट बंद कर दिए गए हैं। निगम की बसों को निजी बसें शुरू होने से पहले जहां एक दिन में 1.50 लाख रूपये आमदनी हो रही थी। वहीं अब नीजी बसें शुरू होने के बाद यह केवल 1 लाख से 1.5 लाख रूपये तक सिमट गई है। रक्षाबंधन पर महिलाओं की सुविधा के लिए लोकल रूट पर बसें चलाई गई है। -किशोरी लाल यादव, क्षेत्रीय प्रबंधक
राजेंद्र गर्ग की बहन ने बांधी राखी
रक्षाबंधन पर खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग की कलाई पर उनकी बहन ने राखी बांधी। वहीं जिला भर में बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनसे अपनी रक्षा का बचन लिया। यह सिलसिला सुबह सते शुरू हुआ और देर शाम तक जारी रहा।
जिला के विधायकों ने दी क्षेत्रवासियों को बधाई
सदर विधायक सुभाष ठाकुर, झंडूता विधायक जे आर कटवाल, श्री नयना देवी जी विधायक रामलाल ठाकुर व प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने जिला वासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दी। कहा कि यह त्योहार भाई बहन के पवित्र रिश्ते और उसके भरोसे का प्रतीक है। जहां बहन अपने भाई को राखी बांध कर उसकी लंबी उम्र की प्रार्थना करती है। वहीं भाई भी जीवन भर उसकी रक्षा करने का प्रण लेता है।