बैठक में विद्यालय के विकास और गुणवत्ता सुधार पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैहल में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक हुई। अध्यक्षता प्रधानाचार्य केवल कृष्ण ने की। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से स्कूल प्रबंधन समिति की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें राजपाल चौधरी को अध्यक्ष और मोनिका शर्मा को उपाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में समिति के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। ग्राम पंचायत प्रधान छोटा राम, उप प्रधान जगतार सिंह और बीडीसी सदस्य कमलजीत कौर को सदस्य बनाया गया। इसके अलावा संदीप सिंह, रामकली, गुरुपाल, संतोष कुमारी, वीरू राम, पिंकी देवी, लखविंदर सिंह, सुच्चा सिंह, अंजना देवी, उर्मिला देवी, हुसैन, मीना कुमारी और विजय कुमार को समिति का सदस्य बनाया गया। विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा तथा स्कूल के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। नवनिर्वाचित समिति के सदस्यों ने विद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य केवल कृष्ण ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए आशा जताई कि स्कूल प्रबंधन समिति विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से विद्यार्थियों के हित में सकारात्मक सुझाव और सहयोग देने का आह्वान किया।