स्वारघाट क्षेत्र में थ्रेसिंग करते किसान। संवाद
कटाई के बीच बदला मौसम, भीगी फसल बचाने को बारिश में ही जुटे किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट/गेहड़वीं (बिलासपुर)। लगातार हो रही बेमौसमी बारिश ने क्षेत्र के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। पिछले दो दिनों से मौसम के बदले मिजाज ने अप्रैल महीने में ठंड बढ़ा दी है, जिससे लोगों को जनवरी जैसी सर्दी का एहसास होने लगा है और गर्म कपड़े दोबारा निकालने पड़े हैं।
पंजाब सीमा से सटे इलाकों के साथ-साथ चंगर क्षेत्र में इन दिनों गेहूं की कटाई का काम पूरे जोर पर था। किसान दिन-रात मेहनत कर फसल काटने और समय पर थ्रेशिंग में जुटे हुए थे, ताकि फसल सुरक्षित घर पहुंच सके। लेकिन अचानक हुई बारिश ने पूरी व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। कई स्थानों पर कटी हुई गेहूं की फसल खेतों में ही भीग गई, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। नुकसान को कम करने के लिए कुछ किसान बारिश के बीच ही थ्रेशिंग करते नजर आए। किसानों ने बताया कि उन्होंने महंगे खर्च पर प्रवासी मजदूर लगाए हुए थे, जिन्हें करीब 700 रुपये दिहाड़ी और तीन वक्त का भोजन दिया जा रहा है। बावजूद इसके मौसम की मार ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। किसानों का कहना है कि अगर मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो नुकसान और बढ़ सकता है। ऐसे में वे सरकार से मुआवजे की मांग भी कर रहे हैं।