बिलासपुर शहर में होती बारिश। संवाद
कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद बदला मौसम
लगातार बढ़ रहे तापमान में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के लिए प्रचार प्रसार हो गया था मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया था। तापमान लगातार 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था, जिससे दिन के समय सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई थी। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आम जनमानस बेहाल था। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे थे।
शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और जिला के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी। कई दिनों बाद मौसम सुहावना होने से लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। बारिश का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर सकारात्मक रूप से देखने को मिला। पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस के बीच बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। सुबह हुई बारिश और ठंडे मौसम के कारण बच्चों तथा अभिभावकों ने राहत महसूस की। वहीं दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोगों को भी बारिश से काफी राहत मिली है। निर्माण कार्यों, सड़कों और अन्य जगहों पर काम करने वाले मजदूर पिछले कई दिनों से चिलचिलाती धूप में काम करने को मजबूर थे। शुक्रवार सुबह मौसम ठंडा होने से उन्हें भी राहत मिली। इन दिनों जिला में पंचायती राज चुनावों का दौर भी चल रहा है। चुनाव प्रचार में जुटे प्रत्याशी, उनके समर्थक और कार्यकर्ता भी लगातार पड़ रही गर्मी से परेशान थे। गांव-गांव जाकर प्रचार करना, जनसभाएं और बैठकों में शामिल होना तेज धूप के कारण चुनौती बन गया था। ऐसे में बारिश के बाद लोगों ने भी राहत महसूस की। किसानों और बागवानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। गर्मी के कारण खेतों की नमी तेजी से कम हो रही थी, लेकिन बारिश से फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था और लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार सुबह हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया और लोगों को गर्मी से काफी राहत पहुंचाई।