झंडूता (बिलासपुर)। क्षेत्र में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार हो रही बारिश से सड़क पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़कों पर डाली गई मिट्टी से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर डाली गई मिट्टी से दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। कई जगहों पर विभाग ने सड़क पर पड़े गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी डाली थी, वहां पर छोटे वाहन फंस जाने से वाहन चालकों को परेशानियों के साथ वाहनों को भी नुकसान हो रहा है।
उपमंडल की भल्लू बिलौर पिपलु घाट और बरठीं मलारी बल्हसीना तलाई सड़क के हालात बहुत ही खस्ताहाल हो चुके हैं। पिपलु घाट सड़क के पराहू गांव के पास सड़क के गड्ढे भरने के लिए डाली गई मिट्टी और बरठीं तलाई सड़क के बल्हसीना सड़क के करीब दो किमी आगे सड़क पर कई माह से पुलिया ध्वस्त हो चुकी है। लेकिन, विभाग ने अभी तक नई पुलिया का निर्माण कार्य नहीं किया है। विभाग ने ध्वस्त पुलिया के साथ वाहनों के आने-जाने के लिए जो वैकल्पिक व्यवस्था की है वहां पर बारिश के मौसम में वाहनों के दलदल मिट्टी में फंसने का खतरा बढ़ जाता है। क्षेत्रवासियों राकेश कुमार, सुनील कुमार, राजेश कुमार, अरविंद कुमार, ज्ञान सिंह कपिल, दिनेश कुमार, अजय कुमार, आशीष कुमार, ईश्वर दत्त, भूरी सिंह, रत्न सिंह, श्याम सिंह, परमार, नीतीश कुमार, प्रकाश चंद, सुरेश कुमार, सुभाष चंद, संजय कुमार, अमर सिंह, राज कुमार, सरवन सिंह सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग घुमारवीं के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि विभाग नई पुलिया के निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र पुलिया का निर्माण शुरू कर देगा।