बिलासपुर। एक तरफ जहां बरसात का मौसम शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं दूसरी ओर आईपीएच विभाग की कुछ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। जिले के शाहतलाई और घुमारवीं की सीर खड्ड पर आधारित पेयजल योजना को अधिक नुकसान पहुंचा है। हालांकि विभाग के अधिकारी सहित कर्मचारी उक्त समय पर सारे पानी को फिल्टर करके लोगों तक पहुंचा रहे हैं लेकिन फिर भी इन खड्डों के पानी में गंदगी मिलने से पानी की गुणवत्ता भी खराब हो जाती है। विभागीय जानकारी के मुताबिक अभी तक आईपीएच विभाग को लगभग 30 लाख रुपये तक का नुकसान पहुंचा है जिसकी रिपोर्ट बनाकर विभाग उच्चाधिकारियों को भेजने जा रहा है।
गौरतलब है कि बिलासपुर जिले में पेयजल योजनाएं अधिकतर खड्डों पर आधारित हैं। घुमारवीं की बात की जाए तो यहां पर सीर खड्ड, शाहतलाई क्षेत्र में भी खड्ड व झंडूता क्षेत्र की पेयजल योजना खड्डों पर आधारित है। इसके चलते लोगों को यहां से पानी की सप्लाई की जाती है। वहीं, विभाग के कर्मचारी दिन रात यहां पर कार्य करके लोगों को स्वच्छ पानी मुहैया करवाने में जुटे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार खड्डों में गाद आने व गंदगी आने से पेयजल योजना प्रभावित होती है जिसको साफ व अन्य कार्य करने के लिए काफी समय लगता है।
वहीं, कुछ दिन पहले विभाग ने कुछ समय के लिए पेयजल आपूर्ति भी बंद कर दी थी क्योंकि खड्डों में गंदा पानी आने से लोगों तक पानी नहीं पहुंचाया जा सकता था। उसके बाद विभागीय विशेषज्ञों ने तुरंत प्रभाव से कार्य करके पानी को फिल्टर किया और तब जाकर लोगों तक पानी की सप्लाई पहुंचाई गई।
इनसेट...
प्रभावित योजनाओं को किया गया ठीक
बारिश से विभाग को 30 लाख का बारिश से नुकसान पहुंचा है। कुछ पेयजल योजना भी प्रभावित हुई हैं लेकिन अब सब ठीक कर दिया गया है। लोगों को साफ व स्वच्छ पानी की सप्लाई दी जा रही है।
-ओम प्रकाश भटूरे, एसई आईपीएच बिलासपुर
----------------------------------------