नम्होल(बिलासपुर)। जिला बिलासपुर के तहत आने वाली उपतहसील नम्होल के जामला गांव में दो गुटों में किसी बात को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। इस मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल है। जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी भागमल ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उपतहसील नम्होल के अंतर्गत जामला गांव में बुधवार सुबह के समय दो गुटों की किसी बात को लेकर झड़प हो गई। झगड़ा इतना बड़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। जिसके बाद दोनों गुटों ने एक दूसरे पर डंडों और्र इंटों से हमला कर दिया। इस हमले में 3 लोग घायल हो गए। मारपीट में एक के सिर में गहरी चोट आई है। दूसरे के दांत टूट गए हैं। एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं। दोनों गुट जामला के रहने वाले हैं।
वहीं इस दौरान गांव वालों ने दोनों गुटों को छुड़ाया तथा नम्होल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और घायलों का नम्होल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करवाया। जहां से मेडिकल के लिए उक्त लोगों को गसोड़ अस्पताल भेजा गया है।
एएसपी भागमल ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को उपचार और मेडिकल करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।