शाहतलाई(बिलासपुर)। गोबिंद सागर झील के कोसरियां घाट पर एक युवक के डूबने का मामला सामने आया है। बुधवार को कोसरियां घाट पर कुछ युवक गोबिंद सागर झील में नहाने के लिए उतरे। इस बीच एक युवक ने अचानक गहरे पानी में डुबकी लगाई लेकिन उसके बाद वह बाहर नहीं निकल पाया। जब कुछ समय तक युवक पानी से बाहर नहीं आया तो उसके साथियों ने ढूंढने की कोशिश की और बचाव के लिए शोर मचाया। शोर सुनने के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और उसको ढूंढने की कोशिश की। जब सफलता हाथ नहीं लगी तो कोसरियां पंचायत प्रधान विजय कुमार को फोन पर घटना की सूचना दी गई।
जिसके बाद पंचायत प्रधान ने तलाई पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच और युवक की तलाश शुरू की लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया। प्रशासन से डूबे युवक को ढूंढने के लिए सुंदरनगर से गोताखोर बुलाए हैं। उल्लेखनीय है कि डूबने वाले युवक की पहचान संजय कुमार (18) पुत्र राजपाल गांव व डाक घर मोहाली पंजाब के रूप में हुई है। युवक श्री नयनादेवी जी के दर्शन करने के बाद शाहतलाई बाबा बालक नाथ व दियोटसिद्ध मंदिर माथा टेकने के लिए जा रहे थे।
उधर, घुमारवीं के डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। युवक की तलाश जारी है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।