पहले से बनी सड़कों के लिए फिर से बजट मंजूर
संदिग्ध बजट स्वीकृति से पारदर्शिता पर संशय
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की पट्टा पंचायत सुर्खियों में आ गई है। पंचायत में विकास कार्यों को लेकर हाल ही में उठे विवाद ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सवाल खड़े कर दिए हैं। पंचायत के उप प्रधान मनोज कुमार ने आरोप लगाया है कि कई वर्ष पहले पूर्ण किए गए कार्यों के लिए फिर से लाखों रुपये का बजट पास किया गया है। उप प्रधान ने कहा कि इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका बढ़ती है और जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ होता है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में पंचायत में करीब छह विकास कार्यों के लिए बजट का प्रावधान किया गया है। इनमें मुख्य सड़क से नगरोंव–कुठाकर एंबूलेंस मार्ग, मुख्य सड़क से विशन दास के घर तक सड़क निर्माण, बलोह गांव में विशन दास से जगदेव के घर तक सड़क और स्नोर गांव में कृष्ण के घर तक सड़क निर्माण शामिल हैं। उप प्रधान ने बताया कि इनमें से अधिकांश सड़कें पहले ही बन चुकी हैं और नियमित रूप से उपयोग में हैं। कहा कि जब सड़कें पहले से तैयार हैं तो फिर इन्हीं मार्गों के लिए नया बजट क्यों पास किया गया? क्या यह विकास के नाम पर सरकारी धन की बर्बादी नहीं है? उन्होंने साफ किया कि यदि पंचायत में वास्तविक विकास कार्य करने की मंशा है, तो ऐसे क्षेत्रों पर ध्यान देना चाहिए जहां बुनियादी सुविधाएं अभी तक नहीं पहुंची हैं।
कोट
पैसा मंजूर किया गया है, लेकिन धरातल पर कार्य लागू हुआ या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पहले हुए कार्यों के लिए फिर से बजट जारी होने की प्रक्रिया की जांच की जाएगी। - अभिषेक शर्मा, बीडीओ, घुमारवीं
कोट
पट्टा पंचायत प्रधान रवि ने बताया कि कुछ कार्य अधूरे हैं और जिन सड़कों के लिए बजट पास हुआ है, उनके ट्रेस निकाले जा चुके हैं और निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।