शाहतलाई (बिलासपुर)। नगर पंचायत तलाई के वार्ड नंबर चार में खेतो में काम कर रही महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने तलाई पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने महिला की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गुलाम मोहम्मद निवासी वार्ड नंबर-चार तहसील झंडूता ने बताया है कि जब उसकी पत्नी खेत में काम कर रही थी तो अचानक पीछे से एक महिला आई और उसने हाथ में लिया डंडा सिर पर मार दिया। इससे उसके सिर से खून निकलना शुरू हो गया। महिला को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं पहुंचाया गया। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि मेडिकल अधिकारी ने एमएलसी पर सिर में गहरी चोट लगने की रिपोर्ट दी है। इसके आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल लाई जा रही है।