घुमारवीं (बिलासपुर)। शहर के एक प्रभावशाली व्यक्ति संवेदनशील बाहरी राज्य से लौटे बेटे को बिना बिना सूचना दिए घर ले आया। व्यक्ति ने बेटे को घर पर ही आईसोलेट कर दिया। शहर के लोगों को इसकी भनक लगी तो स्थानीय प्रशासन को सूचित किया गया।
सूचना पाकर हरकत में आए प्रशासन ने पहले युवक को लेकर पूरी जानकारी जुटाई। पता चला कि युवक जिस पास से आया है वह चंडीगढ़ से घुमारवीं तक मान्य था। लेकिन, युवक की ट्रैवलिंग हिस्ट्री कोलकाता की है। युवक कोलकाता से चंडीगढ़ तक जहाज से आया और उसके बाद टैक्सी से अपने घर पहुंचा। प्रशासन ने तत्काल नगर परिषद के अधिकारियों को जानकारी देकर युवक को संस्थागत क्वारंटीन कराने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि नगर परिषद के पार्षद व अधिकारी उक्त प्रभावशाली व्यक्ति के आगे बेबस नजर आए। इनके हाथ खड़े कर देने पर मजबूरन प्रशासन ने पुलिस की माध्यम से युवक को संस्थागत क्वारंटीन केंद्र पहुंचाया।
एसडीएम घुमारवीं शशि पाल शर्मा के अनुसार प्रशासन ने पूरे छानबीन कर युवक की यात्रा से जुड़ी जानकारी जुटाई। पता चला कि यह युवक कोलकाता से चंडीगढ़ तक जहाज से आया है तथा उसके बाद टैक्सी के माध्यम से घर पहुंचा है। युवक को पुलिस के माध्यम से क्वारंटीन केंद्र भेज दिया गया है।