शाहतलाई में लोगों को खाना बांटती सामाजिक संस्थाएं।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। शहर के नगर परिषद हॉल, गुरुद्वारा और धौलरा में क्वारंटीन लोगों को अब प्रशासन ने नवोदय स्कूल कोठीपुर में शिफ्ट कर दिया है। पहले जहां इन लोगों को रखा था वहां सोशल डिस्टेंड के नाम पर कोई प्रबंधन नहीं था। इस कारण यहां लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने का खतरा बना था।
इस मामले को मीडिया में भी प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद आनन-फानन में इन लोगों को नवोदय स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां इन लोगों के रहने-खाने और ठहरने का प्रबंध प्रशासन ने किया है। बिलासपुर के नगर परिषद हॉल से 48, गुरुद्वारा से 28 और धौलरा से 30 लोगों को नवोदय स्कूल कोठीपुरा शिफ्ट किया गया है।
बिलासपुर जिला में इस समय बिलासपुर, शाहतलाई, स्वारघाट, झंडूता और घुमारवीं में करीब 437 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। यहां इन लोगों को 14 दिनों के क्वारंटीन में रखा गया है। इनका नियमित रूप से स्वास्थ्य चेकअप भी किया जा रहा है।
दूसरे जिलों और पड़ोसी राज्यों से पैदल बिलासपुर पहुंचे लोगों को 14 दिनों के लिए क्वारंटीन किया गया है। बिलासपुर शहर में विभिन्न स्थानों पर क्वारंटीन किए लोगों को नवोदय स्कूल कोठीपुरा शिफ्ट कर दिया गया है। सरकार के आदेशों का सख्ती के साथ पालन किया जा रहा है।
-राजेश्वर गोयल उपायुक्त बिलासपुर