बिलासपुर की विशेष अदालत का फैसला, 20-20 हजार रुपये जुर्माना लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विशेष न्यायाधीश बिलासपुर की अदालत ने नशा तस्करी के एक मामले में फैसला सुनाते हुए दो आरोपियों को दोषी करार दिया है। अदालत ने सुमित कुमार और वीरेंद्र सिंह को छह-छह माह के कठोर कारावास के साथ 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
मामले की जानकारी देते हुए जिला न्यायवादी चंद्रशेखर भाटिया ने बताया कि 17 सितंबर 2018 को पुलिस थाना घुमारवीं की टीम यातायात जांच और नाकेबंदी के लिए मसौर मोड़ पर तैनात थी। रात करीब 12:15 बजे मोरसिंघी की ओर से एक कार आई। पुलिस की ओर से रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन कुछ दूरी पहले ही रोक दिया और कार में सवार दोनों व्यक्ति मौके से भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को काबू कर लिया। पुलिस को संदेह होने पर स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से एक पॉलीथिन लिफाफा बरामद हुआ, जिसमें भूरे रंग का चिपचिपा पदार्थ पाया गया। जांच करने पर यह चिट्टा (हेरोइन) निकला, जिसका वजन 8 ग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस थाना घुमारवीं में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच पूरी होने पर पुलिस ने चालान अदालत में पेश किया। मामले की पैरवी जिला न्यायवादी चंद्रशेखर भाटिया ने की। अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 9 गवाह अदालत में पेश किए गए। सभी साक्ष्यों और दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई। इस मामले की तफ्तीश हेड कांस्टेबल केवल सिंह ने की।