नौणी पंचायत में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद महिलाएं व अधिकारी। संवाद
नौणी पंचायत तीन दिवसीय शिविर का किया आयोजन
व्यवसाय चयन से लेकर लागत, आमदनी और बाजार की जरूरतों की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्राम पंचायत नौणी में तीन दिवसीय उद्यम विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रारंभिक ग्रामीण उद्यमिता कार्यक्रम के अंतर्गत बीआरसी कार्यालय रानी में आयोजित शिविर में 120 महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने और अपना व्यवसाय शुरू करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षक सोनू शर्मा और बीना कुमारी ने महिलाओं को बताया कि वे अपनी रुचि, कौशल और स्थानीय संसाधनों के आधार पर छोटे उद्यम स्थापित कर सकती हैं।
उन्हें व्यवसाय का चयन करने, योजना तैयार करने, लागत और आमदनी का आकलन करने तथा बाजार की मांग को समझने के बारे में बताया गया। इसके अलावा उद्यम शुरू करने के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मिलने वाले सहयोग की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उद्यम संबंधी जरूरी जानकारी उपलब्ध करवाना रहा।