दिवाली का उपहार न मिलने पर उग्र श्रमिक नारेबाजी करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
दिवाली का उपहार न मिलने से नाराज तारपीन और बिरोजा श्रमिकों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर श्रमिकों ने जमकर नारेबाजी भी की। श्रमिकों ने कहा कि वर्ष 2015 वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने वन निगम के तहत बिरोजा एवं तारपीन कारखाना के श्रमिकों को दिवाली के उपहार की घोषणा की थी।
मगर इसके बावजूद भी श्रमिकों को निगम की ओर से उपहार नहीं मिला है। इससे नाराज श्रमिकों ने मंगलवार को बिरोजा एवं तारपीन कारखाना वर्कर्स यूनियन इंटक ने इंटक जिलाध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर की अगुवाई में कारखाना गेट पर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। आंदोलन कर रहे श्रमिकों ने प्रबंधन वर्ग को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग को नजरअंदाज किया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
श्रमिक यूनियन के प्रधान बाबू राम बंसल ने बताया कि वन मंत्री ने दिवाली के उपहार को लेकर उन्होंने 18-2-2016 के पत्र संख्या नंबर एचपीएसएफडीसी, सेल्स-2/492 में आदेश जारी किए थे। मगर प्रबंधन वर्ग उपहार देने में आनाकानी कर रहा है। यूनियन ने निर्णय लिया कि यदि दिवाली से पूर्व उन्हें तय उपहार नहीं मिला तो वे इस आंदोलन को और तेज कर देंगे।
इसकी सारी जिम्मेवारी प्रबंधन वर्ग की होगी। इस संघर्ष में बिरोजा एवं तारपीन कारखाना वर्कर यूनियन के प्रधान बाबू राम बंसल, वरिष्ठ उपप्रधान जगदीश राम, महासचिव श्याम लाल, उप प्रधान कपिल देव, सचिव श्याम लाल, सह सचिव विनोद कुमार, कोषाध्यक्ष कुलदीप सिंह, सह कोषाध्यक्ष राजेश कुमार धीमान, प्रचार मंत्री मदन लाल, कार्यालय सचिव रोशन लाल, सदस्य कुलदीप, सतीश कुमार, राजेंद्र कुमार और अजय कुमार सहित सभी श्रमिक मौजूद थे।