सीएसआर कार्यों की समीक्षा नई योजनाओं पर मंथन, प्रबंधन ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम हाइड्रो पावर स्टेशन में गुरुवार को परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के हितधारकों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सीएसआर के तहत गत वर्ष किए गए विकास कार्यों की समीक्षा करना और वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित विकास योजनाओं पर चर्चा करना रहा।
बैठक में बिलासपुर, मंडी, सोलन और शिमला जिलों की परियोजना प्रभावित 18 पंचायतों एवं नगर परिषद सुन्नी के प्रधान, उप प्रधान, राज्य स्तरीय कोलबांध समिति के गैर सरकारी सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न विकास संबंधी आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर एनटीपीसी प्रबंधन ने गंभीरता से चर्चा करते हुए उपलब्ध संसाधनों के अनुसार आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान एनटीपीसी कोलडैम की उपलब्धियों, पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों तथा सीएसआर गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही अर्ली वार्निंग सिस्टम के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए मानसून के दौरान नदी-नालों और जलाशयों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
परियोजना प्रमुख एसएस राव ने कहा कि एनटीपीसी कोलडैम केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के समग्र और सतत विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे, कौशल विकास, महिला एवं बाल सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में कंपनी भविष्य में भी लगातार कार्य करती रहेगी। उन्होंने बैठक में उठाए गए सभी सुझावों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिया। उप महाप्रबंधक डॉ. अंजुला अग्रवाल ने पंचायत प्रतिनिधियों से युवाओं, महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण से जुड़े व्यवहारिक एवं दीर्घकालिक सुझाव देने का आग्रह किया। इस मौके पर एसडीएम अर्की विपिन वर्मा, एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा, मानव संसाधन प्रमुख मंगला हरींद्रन, उप प्रबंधक सीएसआर पूरन सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।