लुहणू मैदान में खिलाड़ियों को यातायात नियमों की जानकारी देने पहुंचे आरटीओ बिलासपुर खिलाड़ियों क
क्रिकेट स्टेडियम, बस स्टैंड पर जागरूकता पोस्टर-पंफलेट वितरित, लगाए बैनर
युवाओं और चालकों से सुरक्षित सफर का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत जिला बिलासपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आम जनता, युवाओं और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
क्रिकेट स्टेडियम, बिलासपुर में हुए क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों और युवाओं को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। युवाओं से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा की जागरूकता समाज के हर हिस्से तक पहुंचाएं। वक्ताओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा पूरे समाज की संयुक्त जिम्मेदारी और नैतिक कर्तव्य है। अभियान के तहत बिलासपुर बस स्टैंड, टैक्सी यूनियन परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान वाहन चालकों और यात्रियों को हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर पोस्टर व पंफलेट बांटे गए तथा जागरूकता बैनर लगाए गए, ताकि सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा का संदेश आमजन तक पहुंच सके। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, बिलासपुर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।