ग्राम पंचायत बड़गांव के टिहरा गांव में बस्ती के लिए बनाए पक्के रास्ते का उदघाटन करते प्रधान व म
ग्रामीण ने खुद के पैसों से बनाया 400 मीटर रास्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बड़गांव के टिहरा गांव की हरिजन बस्ती के लिए बनाए गए पक्के रास्ते का रविवार को पंचायत प्रधान निक्कू राम ने विधिवत रूप से उद्घाटन किया। इस मौके पर कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
बड़गांव सुन्हाणी सड़क से गांव की तरफ पक्का रास्ता न होने के कारण बरसात में ग्रामीणों को परेशान होना पड़ता था। ग्रामीण श्यामलाल ने समाज सेवा का उदाहरण देते हुए खुद अपने पैसों से 400 मीटर रास्ते का निर्माण करवाया, जिस कारण लोगों को राहत मिली। इस मौके पर लोगों ने हरिजन बस्ती में लाइट, कचरा प्रबंधन, गंदे पानी की निकासी के लिए पक्की नालियों के प्रबंधन के लिए उचित कार्रवाई करने की मांग की। पंचायत प्रधान निक्कू राम ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए चरण वध तरीके से सभी समस्याओं का जल्द ही हल कर दिया जाएगा। इस मौके पर पंचायत उप प्रधान रमेश चंद, श्यामलाल, अनिल पौडवाल, सुभाष चंद, जोगिंदर सिंह और हरिराम जोशी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।