मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री रेजिमेंट की ओर से चार नवंबर को बिलासपुर में लगेगा विशेष शिविर
पेंशन शिकायतों से लेकर दस्तावेजों और सेवा अभिलेखों में सुधार तक के मामलों पर होगी सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवा संबंधी दस्तावेजों की समस्याओं के समाधान के लिए अब अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री रेजिमेंट की ओर से चार नवंबर को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बिलासपुर में विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मिशन निरंतर मिलाप 1.0-फेज-5 (नॉर्थ जोन) के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न समस्याओं को सुनकर मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पेंशन से जुड़े मामलों पर ध्यान दिया जाएगा। इसमें पेंशन भुगतान में देरी, पेंशन संबंधी शिकायतों और दस्तावेजों की कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा सेवा अभिलेखों में त्रुटियों और दस्तावेजों में सुधार से जुड़े मामलों को भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जा सकेगा।
वहीं, भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने में आ रही दिक्कतों और रक्षा पेंशन प्रशासन प्रणाली (स्पर्श) से संबंधित समस्याओं पर भी सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्रिगेडियर पी. सुनील कुमार, एसएम करेंगे, जबकि इसके कार्यान्वयन की जिम्मेदारी लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक कुमार संभालेंगे। शिविर में बिलासपुर के अलावा ऊना और आसपास के जिलों के पूर्व सैनिक भी भाग ले सकेंगे। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ने सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों से कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।