- विकास परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्र की आधारभूत संरचना को करेंगे सशक्त
-छंजयार से सिद्ध बाबा गोदड़ नाथ जी मंदिर तक जाने वाली सड़क का किया उद्घाटन
-बोले, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, जलापूर्ति की सुविधा को बेहतर बनाने के कर रहे हैं प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने वीरवार को विकासखंड घुमारवीं की ग्राम पंचायत कसारू में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर समाधान किया। उन्होंने कहा कि हर गांव और पंचायत का एक समान विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। विकास परियोजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सशक्त बनाया जाएगा ताकि आमजन को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर मंत्री ने छंजयार से सिद्ध बाबा गोदड़ नाथ जी मंदिर तक जाने वाली सड़क का उद्घाटन किया। इसका निर्माण लगभग 20 लाख रुपये की लागत से किया गया है। यह सड़क न केवल श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी लाभान्वित करेगी। इसके अतिरिक्त, कठलग स्कूल में बास्केटबाल कोर्ट के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मंत्री ने कहा कि कसारू, पट्टा और सेऊ पंचायत के मध्य करयालग-सोहल चैहड़ी के समीप आईटीआई भवन के लिए भूमि स्थानांतरित कर दी गई है और निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। कहा कि तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा, जिससे स्थानीय युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए 64 करोड़ रुपये की लागत से 132 केवी का एक बड़ा सब-स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस सब-स्टेशन के बनने से घुमारवीं, झंडूता और सदर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को कम वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। क्षेत्र की उठाऊ जलापूर्ति योजनाओं को भी निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने से पानी की किल्लत दूर होगी। मंत्री ने बताया कि गांव बबेली में सड़क निर्माण के लिए लगभग 35 लाख रुपये तथा सेन बस्ती में सड़क निर्माण हेतु लगभग 15 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं, अन्य ग्रामीण संपर्क मार्गों, पुलियों और श्मशान घाटों तथा शर्ट निर्माण के लिए भी लगभग 20 लाख रुपये की धनराशि व्यय की गई है।
इनसेट
घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए हैं प्रतिबद्ध
मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से स्थानीय जनता को आवागमन में सुविधा होगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के हर गांव और पंचायत का संतुलित विकास किया जाएगा। स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि वे सरकार की विकास योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं और अपने क्षेत्र के उन्नयन में सहयोग करें। कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी नई योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो।
घुमारवीं की ग्राम पंचायत कसारू में ग्रामीणों को संबोधित करते तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी