प्रयोगशालाओं, डिजिटल लाइब्रेरी और नवाचारी गतिविधियों का किया अवलोकन
भाखड़ा बांध व श्री नयना देवी जी मंदिर का भी किया भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों और सीएचटी के लिए आयोजित पांच दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के तीसरे दिन प्रतिभागियों को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तरसूह का एक्सपोजर विजिट करवाया गया। इस दौरान बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर जिलों के उपनिदेशक, पीएम श्री के जिला नोडल अधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रतिभागी मौजूद रहे।
प्रतिभागियों ने विद्यालय की कार्यप्रणाली, पीएम श्री योजना के तहत संचालित गतिविधियों, विभिन्न प्रयोगशालाओं, डिजिटल लाइब्रेरी और अन्य नवाचारी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय की सकारात्मक कार्य संस्कृति और प्रभावी शैक्षणिक वातावरण की सराहना की। इसके बाद प्रतिभागियों ने भाखड़ा बांध का भ्रमण कर इसके ऐतिहासिक, तकनीकी और राष्ट्रीय महत्व की जानकारी हासिल की। शाम को श्री नयना देवी जी मंदिर में दर्शन करने के बाद सभी प्रतिभागी बिलासपुर लौटे। कार्यक्रम के चौथे दिन प्रतिभागियों ने एक्सपोजर विजिट के दौरान प्राप्त अनुभवों और सीखों को साझा किया। विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने अपने विद्यालयों में अपनाई जा रही श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और नवाचारों पर आधारित पीपीटी प्रस्तुतियां दीं। चौथे सत्र में डाइट प्रधानाचार्य राकेश मनकोटिया ने सकारात्मक विद्यालयी कार्य संस्कृति और विद्यालय नेतृत्व विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने गतिविधियों के माध्यम से प्रभावी नेतृत्व और सकारात्मक विद्यालयी वातावरण के महत्व को समझाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय प्रमुखों को एक-दूसरे की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और सफल नवाचारों से सीखने और उन्हें अपने विद्यालयों में लागू करने के लिए प्रेरित करना है।