बिलासपुर शहर में स्थित सब्जियों की दुकान। संवाद
मटर 90, फूलगोभी 50 रुपये किलो, अदरक-लहसुन 150 के पार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। गर्मियों की दस्तक के साथ ही फल और सब्जियों की कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। खासकर नींबू के दामों में भारी उछाल आया है। सब्जी मंडी बिलासपुर में नींबू 320 रुपये प्रति किलो तक बिका। हालात यह हैं कि कई बाजारों में नींबू आसानी से मिल भी नहीं रहा, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गर्मी बढ़ने के साथ नींबू की मांग में तेजी आई है, लेकिन आपूर्ति घटने से बाजार में इसकी कमी बनी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि बाहरी मंडियों से आवक कम होने के कारण दामों में अचानक उछाल आया है। यही वजह है कि कई दुकानों पर नींबू सीमित मात्रा में ही उपलब्ध है, जबकि कुछ जगह पूरी तरह गायब है।
नींबू के साथ-साथ अन्य सब्जियों के दामों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सब्जी मंडी में आलू 7 से 12 रुपये और प्याज 19 से 25 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि टमाटर 22 से 31 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। पालक 42 से 49 रुपये, भिंडी 28 से 35 रुपये और शिमला मिर्च 21 से 28 रुपये प्रति किलो बिक रही है। इसके अलावा मटर 90 रुपये और फूलगोभी 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। अदरक और लहसुन के दाम 150 रुपये प्रति किलो के आसपास बने हुए हैं, जिससे रसोई का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। फल भी महंगाई से अछूते नहीं हैं। अनार के दाम 233 से 310 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। वहीं सेब (रॉयल डिलीशियस) 174 से 372 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जो आम उपभोक्ताओं की पहुंच से दूर होता जा रहा है। इसके अलावा केला 81 से 93 रुपये प्रति दर्जन और आम 74 से 99 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। व्यापारियों के अनुसार मांग और आपूर्ति के असंतुलन के कारण कीमतों में यह उछाल आया है। यदि जल्द आपूर्ति नहीं बढ़ी तो आने वाले दिनों में दाम और बढ़ सकते हैं।