बिलासपुर। घुमारवीं उपमंडल के दलेहड़ा गांव के आशीष नड्डा ऐसे पहले शख्स हैं जिन्होंने कोविड वैक्सीन लगाने के बाद सीएम राहत कोष में 1100 रुपये की राशि जमा करवाई। राजनीतिक, प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े बड़े अधिकारियों ने वैक्सीन लगवाई। लेकिन किसी ने भी सरकार के खजाने में दान देने की हिम्मत नहीं दिखाई। लेकिन आशीष नड्डा ने जैसे ही वैक्सीन की पहली डोज ली, उन्होंने नई पहल शुरू कर दी है। इसकी काफी सराहना की जा रहा है।
आशीष नड्डा ने वैक्सीन की पहली डोज लेने के बाद शोधकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों और प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार के आभारी हैं जो लोगों को निशुल्क वैक्सीन मुहैया करवा रही है। लेकिन जिम्मेदार नागरिक होने के नाते 1100 रुपये वैक्सीन लगवाने के बाद सीएम राहत कोष में दिए हैं। कहा कि यह छोटा सा सहयोग है। अगर हर नागरिक जो संपन्न है, इस पहल को आगे बढ़ाएगा तो इससे कोविड से लड़ने में सहायता होगी। प्रदेश सरकार के सामने अभी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए और ज्यादा बजट की जरूरत है। इसलिए जो संपन्न लोग हैं उन्हें अपनी वैक्सीन का खर्च अदा करना चाहिए। आशीष ने आईआईटी दिल्ली से अपनी डॉक्टरेट की पढ़ाई पूरी की है। अब संयुक्त राष्ट्र में यूनाइटेड नेशन्स इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट आर्गेनाइजेशन में कार्यरत हैं।