बरमाणा में निरीक्षण पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के अधिकारी। स्रोत: जागरूक पाठक
लोक निर्माण विभाग की टीम ने किया निरीक्षण, जल निकासी और सड़क सुरक्षा को लेकर तैयार होंगे प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा क्षेत्र के विकास, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण को लेकर लोक निर्माण विभाग ने आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। ग्राम पंचायत बरमाणा के अनुरोध पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रोहित गुप्ता ने एसडीओ और कनिष्ठ अभियंता के साथ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एसीसी मुख्य चौक पर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाली निर्माण की आवश्यकता का जायजा लिया। इसके अलावा विजय सर्विस स्टेशन के साथ लगते क्षेत्र में भी नाली निर्माण के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। वहीं, तारल गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर पैदल चलने वालों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फुटपाथ निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया। अधिशासी अभियंता रोहित गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों से जुड़ी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों की सुविधाओं और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। ग्राम पंचायत बरमाणा के प्रधान अवधेश भारद्वाज ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में नालियों और फुटपाथ की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विभाग की ओर से मौके पर पहुंचकर समस्याओं का निरीक्षण किए जाने से लोगों में विकास कार्यों के शीघ्र शुरू होने की उम्मीद जगी है।
ग्राम पंचायत बरमाणा और स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित कार्य जल्द धरातल पर उतरने से बरमाणा में जल निकासी व्यवस्था सुधरेगी, पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी होगा।