देश-विदेश के नामी पहलवानों ने दिखाया दमखम
विजेता को तीन लाख, उप विजेता को दिया ढाई लाख का इनाम
दंगल देखने के लिए जिले भर से पहुंचे 20 हजार दर्शक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के धार टटोह गांव में आयोजित विशाल दंगल में प्रवीण कोहली ने बाजी मारते हुए बड़ी माली का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने कालू वाडोवाल को हराया। जीत के साथ उन्हें तीन लाख रुपये की नकद इनामी राशि दी गई, जबकि उपविजेता कालू को दो लाख 41 हजार रुपये मिले।
इस दंगल में हिमाचल, पंजाब, चंडीगढ़, यूपी, महाराष्ट्र, जम्मू एंड कश्मीर के अलावा विदेशी पहलवान भी आकर्षण का केंद्र रहे। दंगल कमेटी के प्रधान अमर नाथ ने बताया कि बड़ी माली में पंजाब के पहलवान प्रवीण कोहली ने हरियाणा के कालू वाडोवाल को हराकर खिताब अपने नाम किया। जिनमें विजेता पहलवान को 3 लाख और उप विजेता पहलवान को 2 लाख 41 हजार की नकद इनामी राशि देकर सम्मानित किया गया। जबकि छोटी माली के विजेता यूपी के पहलवान कलुआ गुर्जर ने हरियाणा के पुष्पेंद्र आलमगीर को पटखनी दी। दंगल कमेटी द्वारा विजेता पहलवान को डेढ़ लाख और उप विजेता को एक लाख नकद इनाम दिया गया। वहीं समापन अवसर पर जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी राजेश ठाकुर ने दंगल में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की तथा विजेता पहलवानों को इनाम बांटे। जिले भर से करीब 20 हजार दर्शक इस दंगल को देखने के लिए पहुंचे थे।
दंगल का शुभारंभ समाजसेवी सुभाष ठाकुर ने किया। कहा कि क्षेत्रीय खेलों को बढ़ावा देने और पारंपरिक कुश्ती की समृद्ध विरासत को सहेजने की दिशा में दंगल कमेटी धार टटोह द्वारा हर वर्ष दंगल और मेले का आयोजन किया जाता है। कहा कि दंगल कमेटी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना है ताकि वह नशे से दूर रहें। स्थानीय मैदान में सुबह से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कुश्ती के रोमांचक मुकाबलों में देश-विदेश के नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल कमेटी के मंच पर पारंपरिक गीतों और ढोल-नगाड़ों के बीच मुकाबले हुए, जिन्हें देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी सुभाष ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने का जरिया हैं। समापन समारोह में मुख्य अतिथि राजेश ठाकुर रहे, जिन्होंने विजेता व उपविजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
धारटटोह में हुए दंगल में उपस्थित दर्शक। संवाद