विधानसभा में विधायक त्रिलोक जमवाल ने उठाया मुद्दा, पेयजल योजनाओं और बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र में बिजली के अघोषित कट और कम वोल्टेज की समस्या का मुद्दा विधानसभा के मानसून सत्र में गूंजा। सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने जीरो आवर में मामला उठाते हुए कहा कि बिजली की समस्या से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई क्षेत्रों में उठाऊ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं, जिससे बरसात के मौसम में भी लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र की कई पंचायतों में बिजली की समस्या गंभीर बनी हुई है। कुठेड़ा, भलस्वाय, हवाण और माकड़ी-मारकंड समेत कई पंचायतों में अघोषित कट लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये कट कई बार एक-दो घंटे तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पूरा दिन बिजली गुल रहती है और कुछ स्थानों पर अगले दिन विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाती है। वहीं, कम वोल्टेज की समस्या भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। वोल्टेज कम होने से बिजली से चलने वाले उपकरण भी ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। त्रिलोक जमवाल ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली हर तरह के काम के लिए जरूरी हो गई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल योजनाएं प्रभावित होने के साथ बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई और कोचिंग भी प्रभावित हो रही है। मोबाइल और लैपटॉप चार्ज नहीं हो पाने से विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने सरकार और बिजली बोर्ड से समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की। साथ ही निर्माणाधीन विभिन्न विद्युत परियोजनाओं का काम समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि क्षेत्र के लोगों को बिजली की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।