रोजाना घंटों बिजली कटों से लोग और व्यापारी परेशान, बिना सूचना कटौती पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
नयना देवी (बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी में पेयजल संकट के बीच अब लगातार बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। पिछले कई दिनों से रोजाना घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ व्यापारी वर्ग भी मुश्किलों का सामना कर रहा है। उमस भरी गर्मी में बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं बाजार की गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले पूरे दिन बिजली आपूर्ति बंद रही थी। इसके बाद पिछले दो दिन से भी दोपहर के समय लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं। मंगलवार को करीब साढ़े तीन घंटे तक बिजली बंद रही, जबकि बुधवार को दोपहर दो बजे लगा बिजली का कट शाम छह बजे के बाद बहाल हुआ। लोगों का कहना है कि विद्युत बोर्ड मरम्मत कार्य का हवाला देकर लगातार बिजली कटौती कर रहा है, लेकिन यह सिलसिला कब तक चलेगा, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। श्रावण अष्टमी मेले में करीब 35 दिन शेष हैं। ऐसे में व्यापारी तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन बिजली कटौती के कारण उनका काम प्रभावित हो रहा है। नगर परिषद की उपाध्यक्ष नीना शर्मा और पार्षद अल केंद्र भूषण, दीक्षा शर्मा व आरती देवी ने बिना पूर्व सूचना बिजली कट लगाने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो मेले की तैयारियां भी प्रभावित होंगी। उनका आरोप है कि बिजली नहीं होने पर जलशक्ति विभाग भी पेयजल आपूर्ति बाधित होने का कारण बिजली कटौती को बताता है, जिससे लोगों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कोट
श्रावण अष्टमी मेले के मद्देनजर विद्युत लाइनों के रखरखाव और मरम्मत का कार्य जारी रहेगा। अब पूरे क्षेत्र की बजाय केवल उसी इलाके की बिजली अस्थायी रूप से बंद की जाएगी, जहां मेंटेनेंस का कार्य होगा, ताकि लोगों और व्यापारियों को कम से कम असुविधा हो।
-संजीव ठाकुर,सहायक अभियंता,बिजली बोर्ड